गुरुग्राम के सेक्टर 10 थाना क्षेत्र के हयातपुर गांव में शुक्रवार को 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव उसके घर के बाथरूम से बरामद हुआ। घटना के बाद मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
शादी के बाद से तनाव भरा रिश्ता
दिल्ली के रोहिणी के राजापुर इलाके के रहने वाले संजना के पिता ने बताया कि डेढ़ साल पहले बेटी की शादी हयातपुर निवासी हेमंत से हुई थी। शुरूआती कुछ महीने सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में झगड़े और मारपीट की शिकायतें आने लगीं। दो महीने पहले संजना पर कथित रूप से ससुराल वालों ने हाथ उठाया, जिसके बाद वह मायके आ गई थी।
सुलह के बाद लौटी थी ससुराल
कुछ दिन पहले दोनों परिवारों के बीच सुलह हो गई थी और संजना फिर से ससुराल लौट गई थी। शुक्रवार को ससुराल पक्ष ने मायके वालों को फोन कर जानकारी दी कि संजना की मौत हार्ट अटैक से हो गई है। उसे निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां मायके वाले भी पहुंचे।
मायके वालों का गंभीर आरोप परिजनों का आरोप है कि संजना को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि ससुराल वालों ने उसके दहेज के सामान को भी जानबूझकर खराब कर दिया था।
चोट के निशान, जांच जारी
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, जिसमें शरीर के कुछ हिस्सों पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, डॉक्टरों ने स्पष्ट कारण बताने से इनकार करते हुए बिसरा जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस की कार्रवाई
सेक्टर 10 थाने के एसएचओ रामबीर ने बताया कि मृतका के परिवार की शिकायत पर दहेज हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि संजना पूर्व में बीमार भी रही थी। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।